जिले के विश्रामपुर से विधानसभा प्रेमनगर एवं भटगांव की संयुक्त भरोसा यात्रा निकाली गई। संयुक्त आम सभा के बाद भरोसा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर ...
जिले के विश्रामपुर से विधानसभा प्रेमनगर एवं भटगांव की संयुक्त भरोसा यात्रा निकाली गई। संयुक्त आम सभा के बाद भरोसा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना किया गया। आमसभा में प्रेमनगर व भटगांव विधायक के साथ ही कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताईं।
आमसभा को संबोधित करते हुए प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता का भरोसा हासिल किया है। घोषणा पत्र के 36 वादों में से 25 वादे पूरे हुए। 51 ऐसी योजनाएं दी, जिससे हर वर्ग को फायदा मिल रहा है। काम के आधार पर कांग्रेस सरकार की वापसी होगी।
भटगांव विधायक व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने कहा कि भाजपा की रमन सरकार ने 15 सालों में जनता का विश्वास खो दिया था। कांग्रेस सरकार ने महज 5 सालों में जनता का विश्वास हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि ये दो विचारधाराओं की लड़ाई है।
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह व श्रम कल्याण आयोग के अध्यक्ष शफी अहमद ने छत्तीसगढ़ सरकार के पांच साल की उलब्धियां एवं योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय लिया गया। सरकार करीब 18 लाख किसानों का 9270 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया।
इन वक्ताओं ने भी किया संबोधित
सभा को जिपं उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद् के सदस्य सुभाष गोयल व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने दैवेभो कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने, कर्जमाफी व बिजली बिल हाफ करने सहित अन्य योजनाओं की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि हर वर्ग में काम कर सरकार ने भरोसा कायम किया है।
गिरवरगंज व अजबनगर में हुई आमसभाएं
दोनों विधायकों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने भरोसा यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की भरोसा यात्रा केशवनगर, कुरुवां, पचिरा से गिरवरगंज गांव पहुंची जहां सभा के पश्चात् समाप्त हुई। भटगांव विधानसभा क्षेत्र में शिवनंदनपुर, जयनगर, सिलफिली एवं अजबनगर गांव में सभा के साथ भरोसा यात्रा का समापन किया गया।
COMMENTS